यदि भारत में आइलैंड पर घूमने की बात की जाए तो प्रमुख पर अंडमान & निकोबार द्वीप समूह आता है। यह एक केंद्र शासित राज्य है जो कुल 572 आइलैंड से मिलकर बना है, जिसमे से 37 आइलैंड पर लोगो की आवादी बसी हुयी है। इस राज्य का एक हेवलॉक आइलैंड है, जो अंडमान का प्रमुख और सबसे प्रसिद्ध आइलैंड है।
अंडमान घूमने आने वाले पर्यटक सबसे ज्यादा हेवलॉक आइलैंड पर ही घूमना पसंद करते हैं क्योंकि यहाँ से बाकि आइलैंड पर जाना भी आसान है और यहाँ के होटल्स भी काफी सस्ते और अच्छे हैं। हेवलॉक आइलैंड के समुद्रतट भारत के सबसे प्रसिद्ध समुद्र तटों में से एक हैं, जो वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी और अपनी अकल्पनीय सुंदरता के लिए जाने जाते हैं।
इस ब्लॉग में हम हेवलॉक आइलैंड के कम्पलीट टूर (हेवलॉक आइलैंड यात्रा गाइड) के बारे में जानेंगे जैसे- हेवलॉक आइलैंड कैसे पहुंचे? हेवलॉक आइलैंड के होटल्स, यहाँ की बेस्ट टूरिस्ट प्लेसेस, वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी और टूर पैकेज आदि। तो ब्लॉग को अंत तक जरूर पढ़े और यदि आप हेवलॉक आइलैंड की यात्रा पहले कर चुकें हैं तो अपना अनुभव हमारे साथ शेयर करें…
हेवलॉक आइलैंड कहाँ है?
हेवलॉक आइलैंड भारत के केंद्र शासित राज्य अंडमान & निकोबार द्वीप समूह का एक खूबसूरत द्वीप है। जो अपने खूबसूरत समुद्रतटों, शानदार होटल्स और रोमांचकारी स्पोर्ट्स एक्टिविटी के लिए जाना जाता है। यहाँ तक आप अंडमान की राजधानी पोर्ट ब्लेयर से शिप या क्रूज द्वारा आसानी से पहुंच सकते हैं।
हेवलॉक आइलैंड कैसे पहुंचे?
हेवलॉक अंडमान का एक खूबसूरत द्वीप है और यहाँ तक आप अंडमान की राजधानी पोर्ट ब्लेयर से सरकारी शिप और प्राइवेट क्रूज से पहुंच सकते हैं। नीचे हम विस्तार से हेवलॉक आइलैंड तक पहुंचने के सभी साधनो के बारे में बता रहे हैं…
हवाईमार्ग द्वारा कैसे पहुंचे?
हेवलॉक आइलैंड पहुंचने के लिए आपको सबसे अंडमान की राजधानी पोर्ट ब्लेयर पहुंचना होगा क्योंकि अंडमान का एकमात्र एयरपोर्ट पोर्ट ब्लेयर में ही स्थित है। पोर्ट ब्लेयर के लिए सीधे और नियमित फ्लाइट आपको कोलकाता, चेन्नई, और मुंबई से मिल जाएँगी, जिसकी टिकट 6500 रुपये से 8000 रुपये तक हो सकती है। पोर्ट ब्लेयर, जो अब श्री विजय पूरम के नाम से जाना जाता है, वहां से सरकारी शिप या प्राइवेट क्रूज के माध्यम से आपको हेवलॉक आइलैंड तक पहुंचना होगा।
समुद्रमार्ग द्वारा कैसे पहुंचे?
पोर्ट ब्लेयर पहुंचने का दूसरा तरीका समुद्र मार्ग है। कोलकाता, चेन्नई और विशाखापट्नम आदि जैसे शहरों से पोर्ट ब्लेयर के लिए कुछ प्राइवेट शिपों का संचालन किया जाता है जो आपको 3 से 4 दिन की यात्रा में पोर्ट ब्लेयर तक पंहुचा देगा। इन जहाजों की एडवांस में बुकिंग करनी होती है क्योंकि इनमे लिमिटेड सीटे होती हैं।
पोर्ट ब्लेयर (श्री विजय पूरम) से हेवलॉक आइलैंड कैसे पहुंचे?
पोर्ट ब्लेयर से हेवलॉक आइलैंड तक पहुंचने के लिए आप प्राइवेट क्रूज, सरकारी जहाज और हेलीकाप्टर सेवा ले सकते हैं। जिसके बारे में हम नीचे विस्तार से बता रहे हैं…
1. प्राइवेट क्रूज द्वारा-
पोर्ट ब्लेयर से हेवलॉक आइलैंड पहुंचने का सबसे अच्छा साधन प्राइवेट क्रूज है, जो आपको 2 घंटे के खूबसूरत सफर के साथ हेवलॉक तक पंहुचा देगा। पोर्ट ब्लेयर से नियमित तौर पर अलग-अलग कंपनी क्रूज का संचालन करती हैं जो पोर्ट ब्लेयर से हेवलॉक आइलैंड के हाड्डो जेटी पर आकर रुकते हैं। इन क्रूज में सबसे अधिक लोकप्रिय क्रूज, ग्रीन ओसियन का है, जिसमे आप डांस और मौज मस्ती के साथ अपनी यात्रा करते हैं। इसके अलावा नौटिला, मक़रूज़, और ITT मैजेस्टिक, जैसे क्रूज का संचालन भी किया जाता है जहाँ आप शांत वातावरण में इस सफर को पूरा करते हैं।
इन क्रूज में थ्री क्लास की सीटे उपलब्ध होती हैं जिसमे इकॉनमी क्लास, रॉयल क्लास, और लक्ज़री क्लास होती हैं। इनमे इकॉनमी क्लास की शीट का प्राइस 1200 रुपये प्रति व्यक्ति, रॉयल क्लास की 1700 रुपये और लक्ज़री क्लास की शीट का प्राइस 1350 रुपये प्रति व्यक्ति होता है। यदि आपके पास बजट है तो आप लक्ज़री क्लास की टिकट ही बुक करें, जो सबसे बढ़िया रहता है।
2. सरकारी फेरी द्वारा-
इसके अलावा आप कम बजट में हेवलॉक तक पहुंचना चाहते हैं तो आप सरकारी फेरी का उपयोग कर सकते हैं। जिसका टिकट सस्ता होता है लेकिन भीड़ बहुत अधिक होती है क्योंकि अंडमान के लोकल लोग अधिकतर सरकारी फेरी का ही उपयोग करते हैं।
3. हेलीकाप्टर द्वारा-
पोर्ट ब्लेयर से हेवलॉक के लिए हेलीकाप्टर सेवा भी उपलब्ध है। जिसके द्वारा आप आसानी से हेवलॉक तक पहुंच सकते हैं। पोर्ट ब्लेयर में हंस ऑपरेटर द्वारा हेलीकाप्टर सेवा का संचालन किया जाता है, जो आपको 15 से 20 मिनट में खूबसूरत व्यू के साथ हेवलॉक आइलैंड तक पंहुचा देगा। इनकी सीट लिमिटेड होती हैं तो आप इसकी टिकट पहले से ही बुक कर दें।
हेवलॉक आइलैंड के होटल्स
हेवलॉक आइलैंड में आपको होटल्स और रिसोर्ट की सस्ते से लेकर लक्ज़री रूम की श्रृंखला देखने को मिल जाएगी। यहाँ सबसे अच्छे होटल्स गोविन्द नगर में मैंगो ट्री रेस्टोरेंट के पास मिलेंगे, जहाँ आपको ऑफ सीजन 2000 से लेकर 10000 रुपये तक के रूम और ऑन सीजन 4000 से 15000 रुपये तक के रूम मिल जायेंगे। एक सस्ते और अच्छे रूम के लिए पैकेज बुक करना या फिर रूम्स को ऑनलाइन बुक करना सबसे बढ़िया तरीका होता है।
हेवलॉक आइलैंड आने का सबसे अच्छा समय
हेवलॉक आइलैंड आने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च के बीच का होता है। अधिकतर पर्यटक अपना हनीमून मानाने के लिए हेवलॉक आइलैंड विजिट करते हैं। बाकि मार्च से जून के बीच का समय भी काफी बढ़िया होता है। तो आप अपने समय अनुसार यहाँ की ट्रिप का प्लान कर सकते हैं।
हेवलॉक आइलैंड का लोकल ट्रांसपोर्ट
हेवलॉक आइलैंड पर घूमने के लिए आप यहाँ के लोकल ट्रांसपोर्ट जैसे- ऑटो, टैक्सी और बस का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा यहाँ घूमने के लिए आपको बाइक और स्कूटी रेंट पर मिल जाएँगी जो सबसे अच्छा विकल्प होता है। यहाँ आपको हाड्डो बंदरगाह से बाहर निकलते ही बहुत सी दुकाने मिल जाएँगी जहाँ से आप स्कूटी और बाइक रेंट पर ले सकते हैं जो आपको 500 से 600 रुपये प्रति दिन के हिसाब से मिल जाएँगी। इसके अलावा हाड्डो बंदरगाह के बाहर आपको टैक्सी की सुविधा भी मिल जाएगी जो 300 से 500 रुपये में आपको होटल तक पंहुचा देंगी।
हेवलॉक के टॉप आकर्षण और एक्टिविटीज
बीच (Beach)
हेवलॉक आइलैंड पर घूमने के बाद आप इसके आस पास के समुद्र तटों पर वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी करने के लिए और शांत वातावरण में कुछ सुकून के पलों को एहसास करने के लिए जा सकते हैं। जिनमे से हम कुछ प्रमुख के नाम बता रहे हैं…
1. एलीफैंट बीच- अंडमान का वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी के लिए सबसे प्रसिद्ध बीच, एलीफैंट बीच है, जो हेवलॉक आइलैंड से मात्र 20 मिनट की दूरी पर है। हेवलॉक आइलैंड से एलीफैंट बीच तक आप सिर्फ स्पीड बोट की सहायता से ही पहुंच सकते हैं जिसका चार्ज 1000 रुपये प्रति व्यक्ति होता है जिसके साथ स्नोर्कलिंग एक्टिविटी फ्री होती है। यहाँ आप स्नोर्कलिंग, सबमरीन डाइब, सी वाक, परसोलिंग, डाल्फिन क्रूज, और जेट स्की आदि जैसी वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी की जाती हैं।
2. राधानगर बीच– राधानगर बीच भारत के सबसे खूबसूरत बीच में से एक है। इसके बारे में हम अपने पिछले ब्लॉग में विस्तार से बता चुके हैं तो उसे भी जरूर पढ़े। यह बीच शाम के समय में वक़्त बिताने के लिए सबसे खूबसूरत बीच है। हेवलॉक से आप बस द्वारा आसानी से राधानगर बीच तक पहुंच सकते हैं जिसका किराया मात्र 25 रुपये प्रति व्यक्ति होता है।
वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी
1. सबमरीन- इस एक्टिविटी में आपको एक सबमरीन जैसी बोट में बिठाया जाता है और समुद्र के नीचे ले जाया जाता है। जिसमे आप समुद्र के नीचे के खूबसूरत दुनिया को देख सकते हैं। इस सबमरीन में मैग्नीफाइन ग्लास लगे होते हैं जिससे आपको दूर की चीजे भी पास दिखाई पड़ती हैं। इस एक्टिविटी का चार्ज 3500 रुपये प्रति व्यक्ति होता है और यह एक्टिविटी 20 से 25 मिनट की होती है।
2. सी वाक- यह कुछ सबसे खूबसूरत एक्टिविटी में से एक है जिसमें आपको एक ग्लास हैलमेट पहनकर समुद्र के नीचे जाना होता है। जिससे आप मछलियों को पास से देख व छू सकते हैं। इस एक्टिविटी का चार्ज 3800 रुपये प्रति व्यक्ति होता है और यह एक्टिविटी 15 से 20 मिनट की होती है।
3. मिक्की माउस राइड- इस एक्टिविटी में आपको मिक्की माउस जैसी बनी बोट में बैठना होता है, जिसमे आपको समुद्र में एक तेज़ स्पीड में घुमाया जाता है। इस एक्टिविटी का चार्ज 600 रुपये प्रति व्यक्ति होता है।
इसके अलावा भी बहुत सी एक्टिविटी की जाती हैं जिसमे ड्रैगन राइड, पैरासेलिंग, और जेट स्की, आदि। इन एक्टिविटी को करने के लिए आप इन्हे अपने पैकेज में शामिल करा सकते हैं, जिससे ये आपको कम प्राइस में पड़ सकें।
हेवलॉक आइलैंड का खाना
हेवलॉक का अपना कोई स्पेशल फ़ूड नहीं है। यहाँ रहने वाले लोगो को असल में सरकार द्वारा देश के आज़ादी के बाद अलग-अलग राज्य से लाकर बसाया गया था। यहाँ पर आपको ज्यादातर नार्थ और साउथ इंडिया के लोग ही मिलेंगे इसलिए यहाँ का खाना नार्थ और साउथ के मिश्रण में मिलेगा। हेवलॉक में वैसे बहुत से रेस्टोरेंट हैं, जहाँ आप खाना खा सकते हैं लेकिन यहाँ का सबसे बेस्ट रेस्टोरेंट मैंगो ट्री रेस्टोरेंट है, जो हेवलॉक के गोविन्द नगर में है।
वैसे तो आपको यहाँ पर हर प्रकार का खाना मिल जायेगा लेकिन स्पेशल में आपको नार्थ और साउथ के भोजन का मिश्रण मिलेगा, और यदि आप नॉन वेजेटेरियन हैं तो आप यहाँ का सी फ़ूड (Sea Food) भी ट्राइ कर सकते हैं।
कुछ ध्यान रखने योग्य बातें
- आप जब वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी करने के लिए जाएँ तो अपने साथ एक जोड़ी कपड़े और टॉवल जरूर रखे।
- वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी को अलग-अलग करने से अच्छा है कि आप एक पूरा एक्टिविटी का पैकेज बुक कर लें जो सस्ता और किफायती रहता है।
- हेवलॉक आइलैंड की ट्रिप के लिए एक पूरा पैकेज बुक करना सबसे बढ़िया और अच्छा होता है। जिससे आप बिना किसी टेंशन के अपनी ट्रिप को एन्जॉय कर सकते हैं।